मैनपुरी: विकासखंड जागीर क्षेत्र में भोगांव एलाऊ मार्ग पर मेरापुर गुजराती गांव के पास स्थित ईसन नदी पुल के दोनों ओर सड़क किनारे कई स्थानों पर मिट्टी धंस जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. पुल के समीप मोड़ पर सड़क का किनारा कई जगह बैठ जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.
यह मार्ग भोगांव तहसील को कुसमरा, किशनी और सैफई जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. प्रतिदिन इस रास्ते से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं. ऐसे में सड़क किनारे धंसी मिट्टी और बने गड्ढे हादसों का कारण बन सकते हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि पुल के पास बने मोड़ पर यदि किसी वाहन का संतुलन बिगड़ जाए तो वह सीधे नीचे जा सकता है. विशेषकर रात के समय और बरसात के दौरान दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है. सड़क किनारे सुरक्षा दीवार या बैरिकेडिंग नहीं होने से वाहन चालकों को हर समय सतर्क रहकर गुजरना पड़ता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार हो रही बारिश से सड़क किनारों की मिट्टी का कटाव बढ़ रहा है, जिससे सड़क का आधार कमजोर होता जा रहा है. यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो सकता है और आवागमन भी प्रभावित हो सकता है.
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर धंसे हुए हिस्सों की मरम्मत कराई जाए और गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके. मांग करने वालों में सोमेन्द्र राजपूत, रामशंकर, सूरज सिंह, श्यामवीर, राम महाराज, सुनील कुमार, संतोष सिंह, अमित कुमार और बिहारी लाल सहित कई ग्रामीण शामिल रहे.
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भूकेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है. जल्द ही विभागीय टीम मौके का निरीक्षण करेगी. निरीक्षण के बाद सड़क किनारे धंसे हिस्सों की मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य कराया जाएगा, ताकि राहगीरों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































