UP: मिर्जापुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। जमीन की रजिस्ट्री कराने आए एक व्यक्ति की जेब से नकदी चोरी हो गई। पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, जिगना थाना क्षेत्र के सिहौली गांव निवासी राजेंद्र दुबे मंगलवार को जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए मीरजापुर रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। वह रजिस्ट्रार के समक्ष दस्तावेज प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में व्यस्त थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक शातिर युवक उनकी जेब से 4,500 रुपये निकालकर मौके से फरार हो गया।
Also Read: UP: सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता दिखाना पड़ा महंगा, कोर्ट ने आरोपी को सुनाई ये सख्त सजा
पैसे निकालने लगे तो हुआ चोरी का एहसास
रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के दौरान जब राजेंद्र दुबे को पैसों की आवश्यकता पड़ी और उन्होंने जेब टटोली, तो नकदी गायब मिली। जेब से रुपये गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत कार्यालय में मौजूद अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध
शिकायत मिलने के बाद रजिस्ट्री कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति पीड़ित की जेब से रुपये निकालते हुए साफ दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद आरोपी की पहचान और तलाश की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
रजिस्ट्रार से शिकायत, सुरक्षा पर उठे सवाल
पीड़ित राजेंद्र दुबे ने पूरे मामले की शिकायत रजिस्ट्रार से की है। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जरूरी दस्तावेज और नकदी लेकर पहुंचते हैं, वहां ऐसी घटनाएं सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
















































