UP: खाद के लिए कतारें, बिजली बिल से हाहाकार; बांदा में कांग्रेस का सरकार पर बड़ा हमला, कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन

बांदा: खरीफ सीजन के बीच किसानों की खाद की समस्या और स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों को लेकर बांदा में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया। बुधवार को सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिले में यूरिया और डीएपी की किल्लत से किसान परेशान हैं। खाद केंद्रों पर घंटों लाइन में लगने के बाद भी किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही। पार्टी का कहना है कि यदि समय रहते खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो खरीफ की फसल प्रभावित होगी और इसका सीधा नुकसान अन्नदाता को उठाना पड़ेगा।

Also Read: बलिया: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट मीटर का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, जिससे किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। पार्टी ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही।

राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने किसानों को तत्काल पर्याप्त यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने, स्मार्ट मीटर से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने की मांग की है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जिलेभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी और इसका दायरा लगातार बढ़ाया जाएगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)