मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा से विपक्ष पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला। सीएम योगी ने रायबरेली की बदहाली के लिए दशकों तक राज करने वाले ‘वीआईपी’ नेताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस ने गरीबों का हक मारने का काम किया, जबकि भाजपा सरकार ने रायबरेली को विकास की नई पहचान दी है।
राहुल गांधी और अजय राय पर करारा प्रहार
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर युवाओं को भड़काने और देश की विरासत का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के बाहर जाकर राज्य को अपमानित करते हैं और देश के बाहर जाकर भारत का। वह मनुस्मृति और भारतीय परंपराओं पर टिप्पणी करते हैं, जबकि अगर उन्हें मनु को जानना है तो अथर्ववेद पढ़ना चाहिए।
ALSO READ: UP: गाजियाबाद के खोड़ा का खूनी खेल, पत्नी और बेटियों पर किया हमला, पूरी कहानी
इसके साथ ही अयोध्या दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं और बाहर आकर मछली की दावत उड़ाते हैं। इनका यह दोहरा आचरण देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाए। यह वही स्थिति है—मुंह में राम, बगल में छुरी।
879 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक स्थित राणा बेनी माधव बक्श सिंह ऑडिटोरियम परिसर का दौरा किया। वहां उन्होंने 21 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक ऑडिटोरियम और विशाल पुस्तकालय का भव्य उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने 879 करोड़ रुपये की कुल 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जिले को बड़ी सौगात दी।इस दौरान मंच पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे, राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह और सदर विधायक अदिति सिंह समेत शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व भाजपा नेता मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































