रायबरेली : लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां बीच सड़क पर एक महिला और महिला सिपाही के बीच हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ गई कि महिला ने महिला सिपाही पर हमला कर दिया और उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। इस पूरे वाक्ये का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना लालगंज कस्बे के मुख्य बाजार क्षेत्र की बताई जा रही है। ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही और एक स्थानीय महिला के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में विवाद बहुत मामूली था, लेकिन बहस बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की तक जा पहुंची। इसी दौरान आपा खो चुकी महिला ने महिला सिपाही का कॉलर पकड़ लिया और थप्पड़ों की बरसात कर दी। अचानक हुए इस हमले से सिपाही संभल भी नहीं पाई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ALSO READ: UP: गाजियाबाद के खोड़ा का खूनी खेल, पत्नी और बेटियों पर किया हमला, पूरी कहानी
सड़क पर चल रहे इस हाईवोल्टेज ड्रामे को देखकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तमाशबीन बने राहगीरों में से किसी ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल में वीडियो बना लिया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। कुछ ही देर में यह वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात खाकी वर्दीधारी के साथ अभद्रता और मारपीट को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी महिला की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट की गंभीर धाराओं में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































