सहारनपुर: गुर्जर भवन के सामने गुर्जर समाज का प्रदर्शन, पूर्व SSP समेत पुलिस अधिकारियों पर FIR की मांग

सहारनपुर: किसान नेता दिग्विजय भाटी से जुड़े मामले को लेकर गुर्जर समाज का आक्रोश सामने आया। सोमवार को गुर्जर प्रतिहार महासंघ के आह्वान पर समाज के लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

खराब मौसम और अग्निवीर भर्ती परीक्षा के चलते प्रस्तावित धरना हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर नहीं हो सका। इसके बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग गुर्जर भवन में एकत्र हुए। यहां नेताओं ने दिग्विजय भाटी प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शनकारियों ने मेरठ के पूर्व SSP अविनाश पांडेय समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने, निलंबित करने और जेल भेजने की मांग की।

Also Read: ‘तुम्हारे तंत्र-मंत्र से मरे मेरे पिता…’, रायबरेली में तांत्रिक शक में बुजुर्ग का कत्ल, कुल्हाड़ी के साथ आरोपी गिरफ्तार

साथ ही मेरठ के इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई।गुर्जर समाज के नेता एडवोकेट प्रवेश गुर्जर ने आरोप लगाया कि आंदोलन से पहले ही कई लोगों को हाउस अरेस्ट किया गया। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों के साथ हिरासत के दौरान थर्ड डिग्री और टॉर्चर किया गया।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।प्रवेश गुर्जर ने कहा कि पूर्व SSP का केवल तबादला कर देना पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि यदि आम आदमी पर कानून लागू होता है तो पुलिस अधिकारियों पर भी उसी कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। समाज के नेताओं ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है और मांगों की अनदेखी होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)