UP: रायबरेली में सरेनी थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब कड़कती आवाज के साथ एक पक्के मकान पर आकाशीय बिजली आ गिरी। बिजली गिरते ही जोर का धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा। इस प्राकृतिक आपदा में मकान की छत को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं घर में रखे सभी बिजली के उपकरण जलकर राख हो गए। गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिजन सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जोरदार धमाके से दहला शिवपुरी गांव
जानकारी के अनुसार, सरेनी थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान गांव स्थित एक पक्के मकान के ऊपर सीधे आकाशीय बिजली गिर गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो नजारा देखकर दंग रह गए। आकाशीय बिजली का प्रभाव इतना घातक था कि पक्के मकान की लेंटर वाली छत में बड़ा छेद हो गया और छत में गहरी दरारें (क्रैक) आ गईं। बिजली का झटका इतना तीव्र था कि मकान की नींव तक कंपन महसूस किया गया। गनीमत रही कि जिस हिस्से में बिजली गिरी, वहां उस वक्त परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, वरना जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
ALSO READ: UP: एक माह से जलजमाव से बेहाल अलीनगर की दलित बस्ती, छात्र नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी
इस आकाशीय आफत ने घर के भीतर लगे सभी इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल सामान को अपनी चपेट में ले लिया। हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से घर में लगी पानी की मोटर, दीवार में लगे बिजली के बोर्ड, पंखे, लाइटें और अन्य कीमती उपकरण धू-धू कर जल गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, बिजली के सभी बोर्ड उखड़कर दूर जा गिरे और घर की वायरिंग पूरी तरह जल चुकी है। घटना के बाद से शिवपुरी गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व टीम को सूचित किया गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को हुए भारी नुकसान का आकलन कर शासन-प्रशासन से उचित आर्थिक मुआवजे की मांग की है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए क्षेत्र में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को पक्के व सुरक्षित मकानों में रहने की सलाह दी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































