इटावा: भरथना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी 35 वर्षीय युवक की गुजरात के मोरबी में फैक्ट्री में काम करने के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के पिता समेत अन्य परिजन गुजरात के लिए रवाना हो गए।
सरैया गांव निवासी शिवदत्त का पुत्र मुकेश करीब दो माह पहले रोजगार की तलाश में गुजरात गया था। वह मोरबी स्थित टाइल्स और पुट्टी बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों के मुताबिक, फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक बोरियों की छल्ली भरभराकर गिर गई। मुकेश इसकी चपेट में आकर बोरियों के नीचे दब गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
Also Read: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
मुकेश की मौत की सूचना जैसे ही उसके परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। पिता शिवदत्त मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर से वह भी गहरे सदमे में हैं। वह अन्य परिजनों के साथ गुजरात के लिए रवाना हो गए।
मुकेश अपने पीछे पत्नी विनीता और चार मासूम पुत्रियां खुशी (13), परी (10), मिष्ठी (5) और सृष्टि (3) को छोड़ गया है। पति की मौत से पत्नी विनीता और मां मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, चार बेटियों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































