जौनपुर: नगर क्षेत्र के हुसेनाबाद मोहल्ले में विकास कार्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। सीवर लाइन की खोदाई से अभी सड़कें पूरी तरह उबर भी नहीं पाई थीं कि अब गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए जगह-जगह सड़कें खोद दी गई हैं। करीब एक सप्ताह बीतने के बाद भी कई स्थानों पर गड्ढे नहीं भरे जाने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क के किनारे से लेकर कई जगह बीच सड़क तक खोदाई की गई है। पाइप डालने के बाद गड्ढों को व्यवस्थित तरीके से भरकर सड़क को पहले जैसी स्थिति में नहीं लाया गया। कहीं गहरे गड्ढे हैं तो कहीं मिट्टी और मलबा सड़क पर फैला हुआ है। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी दिक्कत हो रही है।
Also Read: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। बुजुर्गों, बच्चों और वाहन चालकों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन के दौरान भी कई सड़कें लंबे समय तक बदहाल रहीं। अब दोबारा खोदाई से लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। लोगों ने जिम्मेदार विभाग और कार्यदायी संस्था से जल्द गड्ढे भरवाकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़कों को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाना भी जिम्मेदारों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































