मुरादाबाद: दिल्ली रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मसूद अहमद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों और शिक्षा, रोजगार समेत कई मुद्दों को लेकर सवाल उठाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. मसूद अहमद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने सड़कों की खराब हालत का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर विकास के दावों को लेकर सवाल खड़े किए।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। डॉ. मसूद अहमद ने कहा कि मिड-डे मील व्यवस्था में कई खामियां सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
Also Read: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
इस दौरान उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मायावती की पार्टी में मुस्लिम नेताओं को उचित सम्मान नहीं मिलता और उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया जाता है।
डॉ. मसूद अहमद ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश की सभी सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारने की दिशा में काम कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी राजनीतिक निशाना साधा और आजाद समाज पार्टी को मजबूत राजनीतिक विकल्प के तौर पर पेश किया।


















































