Raebareli: जिले के खीरों थाना क्षेत्र अंतर्गत एकौनी गांव में रक्षाबंधन के दिन हुई 24 वर्षीय शिवबाबू की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए सोमवार को मृतक के सगे भाई, चाची और चचेरे भाई को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई डंडे व लाठियां भी बरामद कर ली गई हैं।
बाइक ले जाने की जिद पर ली जान
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि बीते शुक्रवार को रक्षाबंधन के पर्व पर शिवबाबू अपने चाचा चंद्रपाल की मोटरसाइकिल लेकर कहीं जाने की जिद कर रहा था। चाचा ने बाइक देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। परिजनों ने मिलकर शिवबाबू पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
शव पर मिले थे चोट के 12 निशान
निर्दयता से की गई इस पिटाई में शिवबाबू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के अनुसार मृतक के शरीर पर 12 से अधिक गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। मामले में मृतक के पिता चंद्रलाल की तहरीर पर चाचा चंद्रपाल, चाची सविता, चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू समेत अन्य के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई की और मृतक के बड़े भाई रामबाबू, चाची सविता और चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































