Saharanpur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को सहारनपुर पहुंचे और पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं, भ्रष्टाचार और युवाओं के मुद्दों को उठाते हुए दावा किया कि 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनना तय है।अखिलेश यादव ने गन्ना किसानों के मुद्दे पर कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों को 24 घंटे के भीतर गन्ने का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने इथेनॉल नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसका वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचना चाहिए।
जानिए क्या है पूरा मामला?
सहारनपुर के वुड कार्विंग उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर कारीगरों को प्रशिक्षण, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और जरूरत के अनुसार सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं के लिए स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जरूरत पड़ने पर स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने का भी उन्होंने भरोसा दिलाया।जल जीवन मिशन और एक्सप्रेसवे को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह पाइप तो बिछे हैं, लेकिन पानी नहीं पहुंच रहा। एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना। उन्होंने सड़क पर गड्ढों और निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल उठाए।
नकली नोट कांड पर उन्होंने नोटबंदी को विफल योजना बताते हुए कहा कि सरकार ने काले धन और नकली करेंसी पर रोक लगाने का दावा किया था, लेकिन अब बैंकिंग सिस्टम में ही नकली नोट मिलने के मामले सामने आ रहे हैं।अखिलेश यादव ने अग्निवीर व्यवस्था खत्म कर सेना में पक्की भर्ती बहाल करने की बात दोहराई। आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि “आरक्षण था, है और रहेगा।” साथ ही जातीय जनगणना का समर्थन किया। गठबंधन में सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि फैसला वोट के आधार पर होगा और जिसके पास जितना जनाधार होगा, उसे उसी हिसाब से जिम्मेदारी मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि सपा 2027 में सरकार बनाएगी और सहारनपुर के किसानों, कारीगरों, युवाओं और व्यापारियों की जरूरतों के अनुसार विशेष योजनाएं तैयार की जाएंगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































