सहारनपुर: जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चिलकाना पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के कथित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
महिला पर नेटवर्क संचालित करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तबस्सुम उर्फ काली, उसके पति जीशान और जेठानी संजीदा के रूप में हुई है। जांच में तबस्सुम उर्फ काली का नाम सहारनपुर में बड़े स्तर पर स्मैक के अवैध कारोबार से जुड़ा सामने आया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी स्थानीय स्तर पर कई डिस्ट्रीब्यूटर्स को नशीले पदार्थ की सप्लाई करते थे।
Also Read: UP: सहारनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, 4.60 लाख की स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार
स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के नाम जांच में सामने आए
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि ऑपरेशन सवेरा के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार महिला को स्मैक कारोबार का कथित किंगपिन माना जा रहा है। पूछताछ और जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े कई स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के नाम सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
दूसरे राज्यों तक जुड़े हैं नेटवर्क के तार
एसएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी में इस नेटवर्क के तार दूसरे जनपदों और राज्यों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी चिन्हित कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
Also Read: UP: 5.5 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार! बाइक से गांव-गांव पहुंचाता था नशा
संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत ऐसी संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं



















































