UP: पापा जल्दी घर आना…जन्माष्टमी पर बेटे की आखिरी बात, कुछ घंटे बाद आई पिता की मौत की खबर

UP: बांदा में घर में जन्माष्टमी की तैयारियां थीं…10 साल के बेटे को इंतजार था कि पापा आज जल्दी घर आएंगे।सुबह फोन पर बेटे ने भी यही कहा था, ‘पापा जल्दी घर आना।’ लेकिन कुछ घंटे बाद हाईवे से आई एक खबर ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

सड़क पार करते बिगड़ी तबीयत 

बांदा-टांडा नेशनल हाईवे पर मुंगुस गांव के आगे सिंहवाहिनी ढाबे के पास शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पचनेही निवासी ट्रक चालक हरिराम यादव (47) अचानक गश खाकर सड़क पर गिर पड़े।व ह फतेहपुर से ट्रक खाली कर अपने घर लौट रहे थे। ढाबे के पास उन्होंने ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया और पेशाब करने के लिए नीचे उतरे। सड़क पार करते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस उन्हें तत्काल पीएचसी तिंदवारी लेकर पहुंची,लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Also Read: Saharanpur: गंगोह पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

बेटे का इंतजार रह गया अधूरा

हरिराम की मौत की खबर घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।उनके 10 वर्षीय बेटे शिवम ने बताया कि शुक्रवार सुबह ही पिता से फोन पर बात हुई थी।जन्माष्टमी के चलते उसने पापा से जल्द घर आने को कहा था।बेटे को क्या पता था कि जिस पिता के घर लौटने का वह इंतजार कर रहा है, वह कभी वापस नहीं आएंगे।हरिराम के दो बेटे और पांच बेटियां हैं।पत्नी मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का पेट पालने वाले हरिराम की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाला चला गया

हरिराम ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।अचानक हुई मौत ने पीछे पत्नी और सात बच्चों को बेसहारा कर दिया। जन्माष्टमी के दिन जिस घर में खुशियां मननी थीं,वहां अब मातम पसरा है।डॉ. श्रेयांश गौतम ने प्रथम दृष्टया हृदयाघात से मौत की आशंका जताई है।हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)