बाराबंकी: ब्लॉक प्रमुख पर लगे आरोपों से मचा घमासान, वायरल वीडियो पर संजय तिवारी ने खोला मोर्चा
रामनगर, बाराबंकी। रामनगर ब्लॉक प्रमुख एवं भाजपा नेता संजय कुमार तिवारी की पत्नी बिन्दु और उनके बेटे हर्ष तिवारी द्वारा बीते सप्ताह लखनऊ में लगाए गए गंभीर आरोपों का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपों से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शनिवार को ब्लॉक प्रमुख संजय कुमार तिवारी ने सामने आकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने वीडियो में लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पूरे मामले की सच्चाई न्यायालय में सामने आएगी।
संजय तिवारी ने कहा कि उनकी माता का निधन 14 दिसंबर 2025 को हुआ था। दसवां संस्कार 24 दिसंबर, तेरहवीं 27 दिसंबर तथा 29 दिसंबर को गृहशुद्धि के लिए कथा हुई थी। उनके अनुसार इस दौरान हर्ष तिवारी और बिन्दु उनके पिता के साथ फार्म हाउस पर मौजूद रहे। उन्होंने वायरल वीडियो में फार्म हाउस से जुड़े आरोपों को गलत बताते हुए मोबाइल लोकेशन की जांच कराने की बात कही।
रिवाल्वर की बट से मारने के आरोप पर उन्होंने कहा कि उनका रिवाल्वर करीब चार वर्षों से असलहा जमा होने के कारण जमा है, ऐसे में यह आरोप बेबुनियाद है। बिन्दु के चोटिल होने के मामले में भी उन्होंने दावा किया कि वह मटियारी में पूर्व विधायक अमरेश शुक्ला के मकान के बाहर स्कूटी से गिरने के कारण घायल हुई थीं। उनके पास सीसीटीवी फुटेज और फोटो समेत साक्ष्य होने की बात कही।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि बिन्दु और हर्ष के लिए उन्होंने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत का मकान बनवाया तथा उनके खर्च की व्यवस्था भी लंबे समय तक करते रहे। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधियों के साथ दोनों के उठने-बैठने को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई थी। इसी विवाद के बीच करीब एक माह तक पैसे नहीं भेजे गए, जिसके बाद मामला बढ़ गया।
संजय तिवारी ने हर्ष तिवारी पर फोन पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिकॉर्डिंग होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक विरोधियों के इशारे पर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। फैमिली कोर्ट में मामला पहुंचने की जानकारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह न्यायालय के समक्ष सभी साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। उन्हें पूरा विश्वास है कि न्यायालय में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































