UP: सरकारी रास्ते को कंटीले तार से घेरने पर विवाद, युवक से मारपीट, सिर में ईंट मारने और गला दबाने का आरोप

बहराइच: जिले के हुजूरपुर क्षेत्र के बौवां गांव में 4 सितंबर की शाम सरकारी रास्ते को कंटीले तार से घेरने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित परिवार ने कुछ लोगों पर रास्ते से गाय लेकर जा रहे युवक को रोककर मारपीट करने, सिर पर ईंट से वार करने तथा गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए बहराइच रेफर कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, शिवम रास्ते से गाय लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते को कंटीले तार से घेरने को लेकर कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद शिवम के साथ मारपीट की गई। इसी बीच मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने शिवम को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया।

Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी

पीड़ित परिवार ने नामाबाबू, छोटेलाल, मोनू दुबे उर्फ वासुदेव दुबे, राघवेंद्र दुबे, वासुदेव दुबे की पत्नी और योगेंद्र दुबे की पत्नी पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना में शिवम के सिर में चोट आई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए बहराइच रेफर कर दिया। परिवार का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन और रास्ते को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि कुछ दिन पहले भी पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )