मुरादाबाद: थाना मूंढापांडे क्षेत्र के ग्राम दौलारी में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, महिलाओं के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंगों के डर से वह पुलिस के साए में रहने को मजबूर है। परिवार के मुताबिक, दबंगों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिसके चलते परिवार गांव से बाहर जाकर अन्य लोगों के घरों में रहने को मजबूर है।
पीड़ितों का आरोप है कि करीब 9 दिनों से उन्हें गांव में अपने घर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। परिवार का कहना है कि लगातार धमकियों के कारण उनके कारोबार और रोजमर्रा की जिंदगी पर भी असर पड़ा है।
ALSO READ: Mirzapur: अपहरण कर जबरन जमीन का बैनामा कराने का आरोप, सपा नेता अवनीश मिश्रा गिरफ्तार
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है और पुलिस में शिकायत की गई थी। अब एक बार फिर विवाद बढ़ने के बाद पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है।
फिलहाल पीड़ित परिवार अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग कर रहा है।


















































