UP: मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाली क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक अतुल का शव भैंसी के जंगल में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक पिछले करीब 11 दिनों से लापता था। जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि अतुल के शव को देखकर परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि युवक की हत्या करने के बाद शव पर तेजाब डालने की कोशिश की गई। परिजनों ने अतुल के कुछ दोस्तों पर भी हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना पर पहुंची खतौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवक की मौत की असली वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर भी जांच की जा रही है।
11 दिन से लापता अतुल आखिर किन परिस्थितियों में जंगल तक पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई—इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएंगे।



















































