रायबरेली में राशन घोटाले का खुलासा! कोटेदार ने बाजार में खपाया 171 क्विंटल से ज्यादा गेहूं-चावल, FIR दर्ज

रायबरेली: मिल एरिया थाना क्षेत्र की नई बस्ती देवानंदपुर में सरकारी राशन की दुकान पर बड़े पैमाने पर अनियमितता का मामला सामने आया है। कोटेदार धर्मराज यादव पर 68.91 क्विंटल गेहूं, 102.55 क्विंटल चावल और 57 किलो चीनी समेत कुल 171.46 क्विंटल खाद्यान्न का वितरण किए बिना उसे बाजार में बेचने का आरोप है। मामले में प्रशासन की कार्रवाई के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

20 सितंबर तक शुरू नहीं हुआ राशन वितरण

सितंबर महीने में छह तारीख से सरकारी राशन की दुकानों पर खाद्यान्न वितरण शुरू होना था। लेकिन 20 सितंबर तक नई बस्ती देवानंदपुर की दुकान से लाभार्थियों को राशन नहीं दिया गया। इसकी शिकायत जिलाधिकारी तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए।

Also Read: ‘हमने SIT बनाई है, वो दूध का दूध और पानी का पानी करेगी…’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी घोटाले पर बोले सीएम योगी

तीन सदस्यीय टीम ने की दुकान की जांच

डीएम के आदेश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शैलेंद्र सिंह, आपूर्ति निरीक्षक प्रशांत सिंह और पूनम रानी की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान और उपलब्ध खाद्यान्न का सत्यापन किया। जांच के दौरान दुकान का स्टॉक पूरी तरह शून्य पाया गया।

गेहूं-चावल और चीनी का स्टॉक गायब

जांच में दुकान के रिकॉर्ड के अनुसार 68.91 क्विंटल गेहूं, 102.55 क्विंटल चावल और 57 किलो चीनी का स्टॉक मौजूद होना चाहिए था, लेकिन मौके पर इनमें से कुछ भी नहीं मिला। जांच टीम के मुताबिक, खाद्यान्न लाभार्थियों को वितरित किए जाने के बजाय अवैध रूप से बाजार में बेचे जाने की आशंका सामने आई।

Also Read: ‘दानराशि से लेकर भूमि सौदों तक…’, राम मंदिर दान घोटाले जांच में नया मोड़, अब जमीन खरीद के दस्तावेज खंगाल रही SIT

आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज

जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रमान ने बताया कि राशन वितरण में देरी करने वाली दुकानों की निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान देवानंदपुर की दुकान पर अनियमितता पकड़ी गई। आपूर्ति निरीक्षक पूनम रानी की तहरीर पर मिल एरिया थाने में कोटेदार धर्मराज यादव के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी राशन की कालाबाजारी और गरीबों के हक में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)