इटावा: महेवा विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौधना में वायरल बुखार ने एक किसान की जान ले ली। गांव निवासी 54 वर्षीय किसान ज्ञान सिंह पाल पुत्र सिपाही लाल पाल की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।
बताया गया कि ज्ञान सिंह पाल पिछले कुछ समय से वायरल बुखार से बीमार चल रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले जाकर भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
ALSO READ: Banda: UPI पर MDR को लेकर व्यापारियों में उबाल, PM के नाम DM को सौंपा ज्ञापन
ज्ञान सिंह पाल खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी विमला देवी, बेटी वीनस पाल तथा दो पुत्र जयंत और मयंक को छोड़ गए हैं। मृतक का पुत्र जयंत अग्निवीर में चयनित होकर प्रशिक्षण के लिए गया हुआ है। पिता की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
शव गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों में वायरल बुखार को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में स्वास्थ्य जांच कराकर बीमारी के कारणों की पड़ताल और आवश्यक बचाव व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का सवाल है कि वायरल बुखार के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य विभाग कब गंभीरता से कदम उठाएगा?















































