UP: वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक सीटों के चुनाव का बिगुल बजा, गाजीपुर में लागू हुई आचार संहिता

UP: विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव 2026 का चुनावी बिगुल बज चुका है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही गाजीपुर जनपद सहित संबंधित क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। प्रशासन ने सभी विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, गाजीपुर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।

Also Read: ‘बाबा साहेब की प्रतिमाओं को खंडित करने का काम सपा…’, अंबेडकर प्रतिमाओं को लेकर अखिलेश के दावे पर ब्रजेश पाठक का पलटवार

चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के तहत आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके तहत सरकारी संसाधनों के उपयोग, नई योजनाओं की घोषणा, शिलान्यास, उद्घाटन तथा चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर आयोग की गाइडलाइन लागू रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आचार संहिता के किसी भी प्रकार के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग किया जाए। आचार संहिता लागू होने के साथ ही चुनावी गतिविधियों पर प्रशासन की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)