लोकसभा में गोरखपुर एयरपोर्ट के विस्तार, यात्री सुविधाओं तथा हवाई संपर्क को लेकर सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) द्वारा उठाए गए प्रश्न के उत्तर में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल जी ने सदन को अवगत कराया कि गोरखपुर एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल भवन के निर्माण का प्रस्ताव किया गया है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा भारतीय वायुसेना से 42.14 एकड़ भूमि का अधिग्रहण भी पूर्ण कर लिया गया है।
गोरखपुर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि
मंत्री जी ने बताया कि गोरखपुर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। हाल के वर्षों में यात्री आवागमन लाखों के आंकड़े को पार कर चुका है तथा कार्गो परिवहन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो क्षेत्रीय आर्थिक विकास का स्पष्ट संकेत है।
पूर्वांचल के लोगों को बेहतर हवाई सुविधा
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान उड़ान कार्यक्रम के तहत गोरखपुर को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे प्रमुख महानगरों से जोड़ा जा रहा है, जिससे पूर्वांचल के लोगों को बेहतर हवाई सुविधा उपलब्ध होगी।
सांसद रवि किशन का बयान
इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने कहा कि गोरखपुर एवं पूर्वांचल के समग्र विकास के लिए मजबूत हवाई संपर्क अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा एयरपोर्ट विस्तार एवं उड़ानों के विस्तार हेतु उठाए गए कदमों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री जी एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, रोजगार एवं निवेश को नई गति प्रदान करेगी।



































