UP: सहारनपुर पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर दानिश उर्फ दाना गिरफ्तार, नकदी और अवैध तमंचा बरामद

UP: सहारनपुर के थाना चिलकाना क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी दानिश उर्फ दाना को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की नकदी, अवैध हथियार और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।

वाहन चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस संगमौर-महेश्वरी कला मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस को देखते ही बाइक तेज कर मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा शुरू कर दिया।

Also Read: UP: जौनपुर में शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन, डीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठे कार्यकर्ता

गन्ने के खेत में छिपकर की फायरिंग

भागते-भागते आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी और पास के गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। पुलिस के करीब पहुंचते ही उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चोरी के रुपये और अवैध हथियार बरामद

पूछताछ में आरोपी की पहचान दानिश उर्फ दाना पुत्र अय्यूब निवासी मोहल्ला मजहर हसन, थाना चिलकाना के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के 32 हजार रुपये, एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस जांच में बरामद नकदी ग्राम पटनी में दर्ज चोरी के एक मुकदमे से जुड़ी पाई गई।

Also Read: चंदौली: राजभवन घेराव से पहले कांग्रेस के तीन नेता नजरबंद, सरकार पर लोकतंत्र कुचलने का आरोप

14 मुकदमों का आरोपी, कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पुलिस के मुताबिक दानिश उर्फ दाना थाना चिलकाना का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट सहित करीब 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह चोरी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)