बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायक उमाशंकर सिंह (Uma Shankar Singh) के विभिन्न ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी (IT Raid) दूसरे दिन भी जारी रही। सोनभद्र, कौशांबी और बलिया में टीमें लगातार दस्तावेज खंगाल रही हैं, जबकि लखनऊ स्थित आवास पर तलाशी की कार्रवाई समाप्त हो चुकी है। करीब 1000 करोड़ रुपये की कथित टैक्स चोरी के मामले में अधिकारी फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। हालांकि अब तक विभाग की ओर से बरामदगी या निष्कर्ष को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
15 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापे
बुधवार को आयकर विभाग ने 15 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ दबिश दी थी। सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कार्यालय में 24 अधिकारी देर रात तक जांच में जुटे रहे। कार्यालय के बाहर कई वाहन खड़े रहे और मुख्य गेट अंदर से बंद कर तलाशी ली गई। कर्मचारियों को भी परिसर के भीतर ही रखा गया। अधिकारियों ने रात का भोजन बाहर से मंगवाकर वहीं किया।
बलिया और लखनऊ में सख्त घेराबंदी
बलिया में भी टीम ने दोपहर में पहुंचकर परिसर को सील कर जांच शुरू की। वहीं लखनऊ में बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे लगभग 50 अधिकारियों का दल विधायक के आवास पर पहुंचा। यहां गुरुवार सुबह तक तलाशी चली और इस दौरान किसी के भी अंदर-बाहर आने पर रोक लगा दी गई। विधायक और उनका परिवार घर के भीतर मौजूद रहा। सूत्रों का कहना है कि अगस्त 2025 में आई सीएजी रिपोर्ट में उनकी कंपनी पर 33,604 घनमीटर गिट्टी के अवैध खनन का आरोप लगाया गया था, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर आयकर विभाग ने यह कदम उठाया।
स्वास्थ्य और राजनीतिक प्रतिक्रिया
उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुने गए हैं। वे इन दिनों ब्लड कैंसर से जूझ रहे हैं और हाल ही में इलाज के लिए अमेरिका से लौटे हैं। फिलहाल वे लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रहकर उपचार करा रहे हैं। इस कार्रवाई पर बसपा प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे अमानवीय करार दिया है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।











































