UP: देवरिया (Deoria) जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक स्व. कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या ने जिले में गंभीर चर्चा को जन्म दिया है। इस मामले में देवरिया सदर से विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी (BJP MLA Shalabh Mani Tripathi) ने उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह (Sandeep Singh) को पत्र लिखकर तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव (Shalini Srivastava) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
देवरिया के शिक्षक की आत्महत्या की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, दुखद एवं कष्टकारी है, इस घटना से हृदय आहत है, संपूर्ण प्रकरण से शासन को अवगत करा दिया है, दोषी कतई बख्शे नहीं जाएंगे, सबका हिसाब होगा, माननीय मुख्यमंत्री जी शिक्षकों के लिए अत्यंत संवेदनशील हैं, ऐसे में इस घटना पर बेसिक…
— Dr. Shalabh Mani Tripathi (@shalabhmani) February 22, 2026
मृतक शिक्षक ने वीडियो संदेश में लगाए थे गंभीर आरोप
सूत्रों के अनुसार, कृष्ण मोहन सिंह ने अपने अंतिम वीडियो संदेश और सुसाइड नोट में तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं उनके कार्यालय कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। विधायक ने कहा कि यह घटना न केवल शिक्षण समुदाय बल्कि पूरे जनपद को झकझोरने वाली है।
पत्र उल्लेख

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि शासन स्तर पर उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जा चुकी है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गोरखपुर के गुलरिया थाने में मुकदमा दर्ज है। इसके बावजूद अब तक किसी भी विभागीय या अनुशासनात्मक कार्रवाई का स्पष्ट परिणाम नहीं आया है, जिससे जनता और पीड़ित परिवार में असंतोष और संशय की स्थिति बनी हुई है। विधायक के पत्र में कहा गया है कि जांच में यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक ने मंत्री से अपील की है कि प्रकरण की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और अन्य शिक्षकों में विश्वास बना रहे।
विधायक ने की BSA निलंबन की मांग
विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने आशंका जताई है कि कार्रवाई में देरी के कारण विभागीय अभिलेखों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों में छेड़छाड़ की संभावना भी हो सकती है। उन्होंने बेसिक शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि दोषी मानी जा रही बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निष्पक्ष और पारदर्शी विभागीय जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)





































