UP: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बांसडीह कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार रात पॉलिटेक्निक स्कूल हुसैनाबाद के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चोरी करने वाले एक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक मुख्य सदस्य पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ा पोखरा के पास कुछ बदमाश बैठकर चोरी की बड़ी योजना बना रहा है। पुलिस ने जब मौके पर घेराबंदी की तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर के दाहिने पैर में गोली लगी जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
पुरुष ने मौके से घायल विशाल सहित कुल पांच अभियुक्तों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर, रोहन सिंह, अभिनव सिंह, मनीष कुमार, विशाल भारद्वाज पुत्र स्व हरिवंश भारद्वाज को गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश विशाल को तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध असलहों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने दो अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस और एक नाजायज़ चाकू के साथ ही तीन मोटरसाइकिल और चार एंड्राइड मोबाइल के अलावा नकदी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार घायल आयुक्त विशाल भारद्वाज एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ बलिया और मऊ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के करीब 11 मामले दर्ज है। वह लंबे समय से कई मुकदमों में वांछित चल रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है जो बलिया और आसपास के जनपद में चोरी की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।













































