मौसम बदलते ही बढ़ीं वायरल व त्वचा रोग की शिकायतें! हर दिन 400 से 500 मरीज पहुंच रहे अस्पताल

UP: चंदौली जिले में बदलते मौसम और बढ़ती उमस का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। मुगलसराय स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय में इन दिनों मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी के अनुसार प्रतिदिन करीब 400 से 500 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिससे ओपीडी पर भी दबाव बढ़ा है।

वायरल संक्रमण और श्वसन संबंधी बीमारियों के मामले बढ़े

डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। इसके अलावा अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण त्वचा रोगों के मामलों में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। अस्पताल में बच्चों और गर्भवती महिलाओं की संख्या अन्य मरीजों की तुलना में अधिक देखी जा रही है।

Also Read: इंसुलिन, रेबीज और कैंसर… दिल्ली में नकली दवाओं का बड़ा खेल बेनकाब, 6 करोड़ की नकली दवाएं जब्त

मौसम परिवर्तन के दौरान संक्रमण का खतरा अधिक

चिकित्सा अधीक्षक का कहना है कि मौसम बदलने के समय संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे समय में थोड़ी सी लापरवाही भी लोगों को संक्रामक बीमारियों की चपेट में ला सकती है। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।

लू और तेज धूप से बचाव के लिए दी अहम सलाह

डॉ. चतुर्वेदी ने नागरिकों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। यदि किसी आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो छाता, टोपी और धूप का चश्मा इस्तेमाल करने के साथ-साथ पूरी आस्तीन वाले सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। उन्होंने शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने पर भी जोर दिया।

Also Read: सावधान! ENO-Nescafe के नाम पर नकली प्रोडक्ट बेचने वाला गैंग बेनकाब, 4 गिरफ्तार

लक्षण दिखने पर तुरंत लें चिकित्सकीय परामर्श

चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या त्वचा संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय रहते डॉक्टर से परामर्श लेने पर बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वयं दवा लेने के बजाय विशेषज्ञ की सलाह पर ही उपचार कराने की अपील की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)