फर्रुखाबाद : जनपद के कमालगंज स्थित मधुबन रिसॉर्ट में आयोजित कृषि विभाग के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील शाक्य अचानक मंच पर बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के समय प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद थे। विधायक के अचानक गिरने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चिंता और हड़कंप का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषि विभाग द्वारा प्रगतिशील किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह शामिल हुए थे, जबकि अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम की कार्यवाही चल रही थी कि तभी विधायक को अचानक चक्कर आया और वह संतुलन खोकर मंच पर ही गिर पड़े।
विधायक के गिरते ही मंच पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों, अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने तत्काल उन्हें संभाला। मौके पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक उपचार देते हुए उनकी स्थिति का परीक्षण किया। कुछ देर के लिए कार्यक्रम की गतिविधियां भी प्रभावित रहीं और उपस्थित लोगों की निगाहें विधायक के स्वास्थ्य पर टिक गईं।
प्राथमिक जांच के बाद विधायक सुशील शाक्य को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें फर्रुखाबाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही समर्थकों और क्षेत्रीय लोगों में चिंता फैल गई। अस्पताल में विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का तांता लग गया। हालांकि चिकित्सकों ने बताया कि विधायक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए जा रहे हैं।
सरकारी कार्यक्रम के बीच हुई इस घटना ने सभी को चौंका दिया। फिलहाल विधायक के स्वास्थ्य लाभ की कामना की जा रही है और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी उनके स्वास्थ्य की लगातार जानकारी ली जा रही है।














































