UP: लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक लाइब्रेरी सेंटर में सोमवार को भीषण आग लग गई। धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जान बचाने के लिए बच्चों ने लगाई छलांग, कई घायल
आग की लपटों और धुएं के बीच सेंटर में मौजूद बच्चों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से कूदना शुरू कर दिया। इस दौरान कई बच्चे घायल हो गए, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर मौजूद लोग भी राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्क रहने और राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए हैं।














































