करोड़ों की पैतृक जमीन का खेल! तहसीलदार, पटवारी और पिता-पुत्र पर एफआईआर

मध्यप्रदेश: डिंडौरी जिला मुख्यालय में करोड़ों रुपये की पैतृक भूमि के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। न्यायालय के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने तत्कालीन तहसीलदार, पटवारी और पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि न्यायालय की रोक के बावजूद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि का नामांतरण कर उसका विक्रय कर दिया गया।

फर्जी वसीयत के जरिए नामांतरण का आरोप

शिकायतकर्ता इंद्रपाल सोनपाली का आरोप है कि स्वर्गीय बालमुकुंद सोनपाली की करोड़ों रुपये मूल्य की पैतृक जमीन पर हाईकोर्ट ने बिक्री पर रोक लगा रखी थी। इसके बावजूद बालमुकुंद सोनपाली के पुत्र नंदलाल सोनपाली ने कथित तौर पर फर्जी वसीयतनामा तैयार कर राजस्व अभिलेखों में अपने नाम नामांतरण कराया और बाद में जमीन का सौदा कर दिया।

Also Read: अमेठी: राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, पूर्व MLC ने उठाए जांच पर सवाल

प्रशासन से नहीं मिली राहत, कोर्ट का लिया सहारा

पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद इंद्रपाल सोनपाली ने न्यायालय में परिवाद दायर किया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।

राजस्व अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तत्कालीन तहसीलदार गोविंदराम सलामे, तत्कालीन पटवारी हीरेन्द्र सुर्याम, नंदलाल सोनपाली और उनके पुत्र रोहित सोनपाली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। जांच का केंद्र इस बात पर है कि राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेरफेर किस स्तर पर हुआ और फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा जमीन की बिक्री में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

Also Read: दानपात्र से कैश काउंटिंग सेंटर तक… राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में क्या था 8 आरोपियों का पूरा रोल?

जांच के नतीजों पर टिकी आगे की कार्रवाई

करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति से जुड़े इस प्रकरण में राजस्व विभाग के अधिकारियों के नाम सामने आने के बाद जिले में मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)