UP: नकुड़ पुलिस की मुठभेड़ में लूट का वांछित आरोपी घायल, तमंचा और 10 हजार रुपये बरामद

सहारनपुर: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नकुड़ थाना पुलिस ने आज सुबह मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, लूटे गए 10 हजार रुपये, आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आज सुबह थाना नकुड़ पुलिस टीम फंदपुरी-नकुड़ रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम जलालपुर की ओर से मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उसे रोकने और पूछताछ करने का प्रयास किया।

ALSO READ: Azamgarh: नाबालिग बहनों को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

पुलिस का दावा है कि संदिग्ध ने मोटरसाइकिल मोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और तेज गति से जलालपुर की ओर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की पहचान मौहम्मद अली पुत्र नसीर, निवासी ग्राम मल्ला माजरा, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह नकुड़ थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 427/2026, धारा 309(4) बीएनएस में वांछित था। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार मौहम्मद अली के खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)