आलू-प्याज शौचालय परिसर में… सीतापुर में मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़!

UP: सीतापुर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की सामग्री को कथित तौर पर शौचालय परिसर में रखे जाने का मामला सामने आया है। सामने आई तस्वीरों में शौचालय के आसपास आलू की बोरियां, कैरेट और अन्य खाद्य सामग्री रखी दिखाई दे रही है। इससे अस्पताल में साफ-सफाई और मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल की रसोई में प्रतिदिन करीब तीन सौ से अधिक मरीजों के लिए भोजन तैयार किया जाता है। ऐसे में खाद्य सामग्री को सुरक्षित और स्वच्छ स्थान पर रखने की व्यवस्था बेहद जरूरी है। शौचालय परिसर के आसपास खाद्य सामग्री रखे जाने से उसके दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। यदि खाद्य सामग्री स्वच्छ तरीके से संरक्षित नहीं की जाती है तो इसका सीधा असर मरीजों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।

Also Read: मथुरा: खाद की आड़ में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, पांच गिरफ्तार, ओडिशा से ट्रक में छिपाकर लाया था 2.51 क्विंटल गांजा

गौरतलब है कि जिला अस्पताल की रसोई में इससे पहले भी दाल में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आ चुकी है। शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने जांच की थी और संबंधित ठेकेदार को हटाए जाने की कार्रवाई की गई थी। अब खाद्य सामग्री के रखरखाव को लेकर सामने आई तस्वीरों ने एक बार फिर अस्पताल की रसोई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला अस्पताल की रसोई के मैनेजर लवलेश कुमार का कहना है कि गर्मी अधिक होने के कारण आलू खराब हो रहे थे। इसी वजह से उन्हें कुछ समय के लिए शौचालय परिसर में रखा गया था।

वहीं, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इंद्र सिंह ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि वह बैठक में हैं और मामले की जानकारी लेने के बाद रसोई का निरीक्षण करेंगे। यदि निरीक्षण में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: UP: दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात के दबाव और धमकी से परेशान पीड़िता पहुंची एसपी दरबा

मरीजों को दिया जाने वाला भोजन सीधे उनके स्वास्थ्य से जुड़ा है। ऐसे में खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना अस्पताल प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)