UP: इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, मुस्लिम युवती ने प्रेमी संग लिए सात फेरे

UP: बरेली जिले में एक बार फिर अंतरधार्मिक प्रेम विवाह का मामला सामने आया है। बिहार के बेगूसराय (पंचवीर गाँव) की रहने वाली 18 वर्षीया मुस्लिम युवती सोनम खातून ने सनातन धर्म अपनाकर बरेली के भोजीपुरा निवासी अपने प्रेमी संजीव कुमार (21 वर्ष) के साथ सात फेरे लिए। यह विवाह मढ़ीनाथ स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ।

गुजरात में मजदूरी के दौरान हुई थी पहली मुलाकात

जानकारी के अनुसार, सोनम अपने परिवार के साथ गुजरात में रहकर एक कारखाने में काम करती थी, जबकि संजीव भी गुजरात के ही एक अन्य कारखाने में कार्यरत था। दोनों के कमरे आमने-सामने थे, जहाँ इंस्टाग्राम और फोन कॉल के ज़रिए उनकी बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। सोनम ने बताया कि वह पिछले 5 वर्षों से भगवान राधा-कृष्ण और सनातन धर्म में गहरी आस्था रखती हैं।

ALSO READ: UP: महंगाई की मार से बेहाल जनता, सद्भावना सेवा मंच ने उठाई आवाज, CM योगी के नाम सौंपा ज्ञापन

शुद्धिकरण के बाद सोनम खातून बनीं सोनम देवी

आश्रम के आचार्य पंडित केके शंखधार ने बताया कि शादी से पहले युवती का गोमूत्र, गंगाजल और गायत्री मंत्रोच्चार के साथ वैदिक शुद्धिकरण कराया गया, जिसके बाद उनका नया नाम ‘सोनम देवी’ रखा गया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर सात फेरे लिए।

ALSO READ: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार

दस्तावेजों की जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी

विवाह से पूर्व आश्रम प्रशासन द्वारा दोनों के पहचान पत्रों की जांच की गई। आधार कार्ड के अनुसार सोनम की जन्मतिथि 01/01/2008 और संजीव की 01/01/2005 दर्ज है। दोनों पक्षों ने नोटरी हलफनामे के माध्यम से अपनी स्वेच्छा से विवाह करने की बात दर्ज कराई, जिसके बाद ही शादी संपन्न कराई गई।

परिजनों से जान का खतरा, पुलिस से मांगी सुरक्षा

सोनम के पिता वेल्डिंग का काम करते हैं और परिवार में 6 बहनें व एक छोटा भाई है। विवाह के बाद नवदंपति ने अपने परिजनों से जान-माल का खतरा जताते हुए पुलिस व प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती ने अपील की है कि उसके मायके वाले पति और ससुराल पक्ष पर कोई झूठा मुकदमा दर्ज न करें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)