मुरादाबाद: रक्षा बंधन के त्योहार पर मुरादाबाद में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मझोला थाना क्षेत्र के चट्टा पुल पर ससुराल जा रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। बाइक अनियंत्रित होकर नदी के ऊपर बने लकड़ी के पुल से नीचे नदी में जा गिरी। बाइक पर पति-पत्नी और तीन बच्चे सवार थे।
हादसे के बाद युवक किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया और शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद मांगी। आवाज सुनकर ग्रामीण और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
Also Read: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
कड़ी मशक्कत के बाद दो बच्चों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं महिला को भी रेस्क्यू कर नदी से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि परिवार का एक बच्चा अभी भी नदी में लापता है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
मामला मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में खदाना चौकी के पास मलगद्दे के चट्टा पुल का है। बताया जा रहा है कि रक्षा बंधन के मौके पर महिला अपने पति और तीन बच्चों के साथ बाइक से मायके जा रही थी। उसे अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधनी थी। परिवार नदी के ऊपर बने लकड़ी के पुल को पार कर रहा था, तभी अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक समेत पूरा परिवार नदी में जा गिरा।
हादसे के बाद पति तैरकर नदी से बाहर निकल आया और उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की। दो बच्चों और महिला को बाहर निकालने में सफलता मिली, जबकि एक बच्चे की तलाश अभी भी जारी है।
Also Read: Jaunpur: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का छापा, मिठाई, पनीर समेत सात नमूने लिए
स्थानीय गोताखोर रफी के मुताबिक नदी में पानी का बहाव तेज है। इसके अलावा नदी में घनी घास होने के कारण लापता बच्चे की तलाश में काफी परेशानी आ रही है। पुलिस की निगरानी में स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
रक्षा बंधन के दिन जिस परिवार में बहन के मायके पहुंचने और भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की खुशियां होनी थीं, वहां अब एक बच्चे के लापता होने से चिंता और मातम का माहौल है। परिजन लापता बच्चे के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































