UP: अहिरौरा डैम से बिना सूचना पानी छोड़े जाने पर भड़के डीएम, बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवजे के निर्देश

चंदौली: शनिवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने विकासखंड सदर के बबुरी रोड स्थित पड़यां गांव के पास गड़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी के बढ़े जलस्तर और जल निकासी की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर ने जिलाधिकारी को बताया कि गड़ई नदी के जलस्तर में वृद्धि का प्रमुख कारण जनपद मिर्जापुर स्थित अहिरौरा डैम से बिना पूर्व सूचना अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जाना है। इस पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन चंद्रप्रभा और उपजिलाधिकारी सदर के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल अहिरौरा डैम के एक्सईएन से फोन पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अब से चंद्रप्रभा और सदर क्षेत्र के अधिकारी अहिरौरा डैम के अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहें और डैम से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा की जानकारी समय से प्राप्त कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। इससे नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जनपदवासियों को पहले से सचेत किया जा सकेगा और संभावित नुकसान को कम किया जा सकेगा।

Also Read: UP: दो साल से मायके में रह रही थी पत्नी, परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम

उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर एवं एक्सईएन चंद्रप्रभा को निर्देशित किया कि नदी के पानी की निकासी में जहां भी अवरोध उत्पन्न हो रहा है, वहां तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश और बाढ़ के कारण किसानों की फसलों को हुई क्षति का लेखपालों के माध्यम से सर्वे और सत्यापन कराया जाए। प्रभावित किसानों की क्षति का चिन्हांकन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई भी साथ-साथ सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव या बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का सत्यापन कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाई जाए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)