Muzaffarnagar: जिन शिक्षकों ने बदली बच्चों की राह, शिक्षक दिवस पर ऐसे हुआ सम्मान

Muzaffarnagar: शिक्षक दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। डीएवी डिग्री कॉलेज, आर्य समाज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में समर्पण, नवाचार और शिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 100 शिक्षक, 10 एआरपी और 3 एसआरजी समेत कुल 113 शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर के योगीराज बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह से राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार-2025 के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे मुजफ्फरनगर में भी बड़े पर्दे के माध्यम से देखा गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से करीब 150 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा कपिल देव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मीरापुर विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

ALSO READ: Saharanpur: मस्जिद ध्वस्तीकरण पर इमरान मसूद का हमला, बोले- दस्तावेजों को किया गया नजरअंदाज

‘शिक्षक बच्चों के भविष्य की नींव तैयार करते हैं’

राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देना भी है। उन्होंने कहा कि एक मां अपने बच्चे को संस्कारी और शिक्षित बनाने की जिम्मेदारी शिक्षक को सौंपती है। ऐसे में शिक्षक का दायित्व है कि वह बच्चों की प्रतिभा को पहचाने, उनमें आत्मविश्वास पैदा करे और उन्हें हीन भावना से बाहर निकालकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)