बलिया में खूनी वारदात! चौरसिया की लाठियों से पीटकर हत्या, 3 टीमें तलाश में जुटीं

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के थाना उभांव क्षेत्र अंतर्गत कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ के पास मारपीट में गंभीर रूप से घायल उमेश चौरसिया की इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उभांव में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमों का गठन किया है।

घटना 14 सितंबर 2026 की रात करीब 8:00 बजे की है। मृतक के भतीजे चंदन के अनुसार, पड़ोसी गांव के रहने वाले विपिन और उसके साथियों ने कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ पर उमेश चौरसिया के साथ विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उमेश के सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी उभांव ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Also Read: रायबरेली में जमीनी कलह का खूनी अंजाम, मकान बेचने पर पत्नी और बेटों ने बाप को पीट-पीटकर मार डाला

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है और तनाव को देखते हुए पुलिस बल सतर्क है।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ पर मारपीट की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें उमेश चौरसिया के सिर पर लाठी की चोट लगी थी। सीएचसी उभांव में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के भतीजे चंदन की तहरीर के आधार पर थाना उभांव में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 पुलिस टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)