मथुरा : राया थाना क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों के आधार पर गुरुवार देर रात कार्रवाई की गई। सूचना मिलने पर खनन अधिकारी अक्षय कुमार रात करीब 10 बजे मांट रोड स्थित गंगा नगला रोड के पास पहुंचे, जहां मिट्टी की खुदाई कर अवैध रूप से डंपर संचालित किए जा रहे थे।
टीम को देखते ही खनन माफिया मशीन और डंपर लेकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। अधिकारी ने मौके से एक डंपर को कब्जे में लेकर राया पुलिस के हवाले कर दिया, जिसे यमुना एक्सप्रेसवे कट चौकी पर खड़ा कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खनन अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि राया क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। इस मामले में शामिल लोगों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।














































