रेल पुलिस के मुखिया का रायबरेली में औचक निरीक्षण, 14 साल से फरार इनामी की गिरफ्तारी पर थपथपाई पीठ

रायबरेली । उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी. रविवार को जीआरपी थाना रायबरेली पहुंचे। वार्षिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल थाने के रजिस्टरों और साफ-सफाई को परखा, बल्कि अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर भी दिखाए। खास बात यह रही कि 14 साल से पुलिस को छका रहे 50 हजार के इनामी अपराधी को दबोचने वाली टीम को डीजी साहब ने मौके पर ही पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।

​सलाम गार्ड से हुई शुरुआत, फिर शुरू हुआ ‘एक्शन’

​डीजी रेलवे के आगमन पर उन्हें ‘सलाम गार्ड’ द्वारा सलामी दी गई, जिसका नेतृत्व उपनिरीक्षक अरबिंद तिवारी ने किया। इसके बाद प्रकाश डी. ने थाने के एक-एक कोने का बारीकी से मुआयना किया। महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति (फेज-05) के तहत किए जा रहे कार्यों को देखकर उन्होंने संतोष जताया।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

​जहरखुरानों और चोरों पर कसें नकेल, यात्रियों को किया जागरूक

​निरीक्षण के दौरान डीजी रेलवे ने जहरखुरानी और टप्पेबाजी जैसी घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने मातहतों को कड़े निर्देश दिए कि ट्रेनों में गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने भावुक और सख्त अपील भी की।इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रेन में किसी भी अनजान व्यक्ति के दिए हुए खाने-पीने की चीजों को बिल्कुल न छुएं, यह जहरखुरानों की चाल हो सकती है।चोरी की वारदातों को रोकने के लिए अपने सामान के प्रति खुद भी सतर्क रहें और संदिग्ध दिखने वाले व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।सफर के दौरान अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें, भीड़भाड़ में उन्हें अकेला न छोड़ें।

​इनामी बदमाश को पकड़ने वाली टीम का हुआ सम्मान

​थाने की सबसे बड़ी कामयाबी 14 साल से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी की गिरफ्तारी रही, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस शानदार कार्य के लिए डीजी रेलवे ने महिला आरक्षी ममता (थाना कोतवाली) और जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार की जमकर तारीफ की और उन्हें पुरस्कृत किया।

Also Read : अवैध धर्मांतरण गिरोह पर सख्त कार्रवाई, मुख्य आरोपी दाऊद अहमद की संपत्ति कुर्क

प्लेटफॉर्म से वेटिंग हॉल तक सघन चेकिंग

​निरीक्षण के बाद डीजी रेलवे ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और वेटिंग हॉल का भ्रमण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि ​सक्रिय अपराधियों की कोर्ट में प्रभावी पैरवी की जाए ताकि उन्हें कड़ी सजा मिले।​हथियारों और बॉडीबोर्न कैमरों का नियमित इस्तेमाल सुनिश्चित हो। इस दौरान सीओ सिटी अरुण कुमार, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक एके सिंह,जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार और उपनिरीक्षक अजय वर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।