फर्रुखाबाद। शहर के रेलवे रोड पर हर रविवार लगने वाला मशहूर संडे बाजार इस बार तेज धूप की मार से बेहाल नजर आया। जहां आम दिनों में बाजार में खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ती है, वहीं इस रविवार बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों ने घरों से निकलने से परहेज किया, जिसका सीधा असर व्यापारियों की बिक्री पर पड़ा।
हर सप्ताह लगने वाला यह बाजार जिले के साथ-साथ आसपास के जनपदों के व्यापारियों के लिए कमाई का बड़ा जरिया माना जाता है। रविवार को भी फर्रुखाबाद, कमालगंज, कायमगंज, गुरसहायगंज, मैनपुरी, एटा और हरदोई समेत कई क्षेत्रों से व्यापारी अपने सामान के साथ बाजार पहुंचे थे। सड़क किनारे सजी दुकानों पर कपड़े, घरेलू सामान, खिलौने, कॉस्मेटिक और अन्य जरूरत की वस्तुएं सजाई गई थीं, लेकिन ग्राहक न पहुंचने से दुकानदारों के चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई दी।
दोपहर होते-होते धूप इतनी तेज हो गई कि बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य होने के बावजूद तेज धूप ने लोगों को बाजार आने से रोक दिया।
स्थानीय कपड़ा व्यापारी अब्दुल जब्बार ने बताया कि पहले यह संडे बाजार शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र के पास लगता था, जिससे ग्राहकों की संख्या अधिक रहती थी। लेकिन बाजार को रेलवे स्टेशन के पास शिफ्ट किए जाने के बाद व्यापार पर लगातार असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार तेज धूप ने स्थिति और खराब कर दी।
वहीं कमालगंज से आए दुकानदार विजय ने बताया कि वह सुबह से दुकान लगाकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन दोपहर ढाई बजे तक एक भी सामान नहीं बिक सका। यही हाल अधिकांश दुकानदारों का रहा।
पूरे बाजार में इक्का-दुक्का ग्राहक ही नजर आए और शाम तक व्यापारियों को उम्मीद के मुताबिक कारोबार नहीं मिला। संडे बाजार की फीकी पड़ती रौनक ने एक बार फिर दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि यदि बाजार की व्यवस्था और स्थान को लेकर उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।













































