सहारनपुर : सहारनपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां राजकीय मेडिकल कॉलेज में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक संविदा सफाई कर्मचारी पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक नौकरी से निकाले जाने और सैलरी न मिलने से नाराज होकर इस तरह का कदम उठाया।
टंकी पर चढ़े युवक की पहचान रजनीश के रूप में हुई है, जो मेडिकल कॉलेज में संविदा पर सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। CO, SDM और मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस पूरे मामले पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि रजनीश सहित कुछ कर्मचारियों के खिलाफ कई शिकायतें मिली थीं। इनमें ड्यूटी पर न आना, काम में लापरवाही करना और लोगों से पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे। इन शिकायतों के आधार पर करीब 10 से 11 कर्मचारियों को हटाया गया है।प्राचार्य ने सैलरी को लेकर भी स्थिति साफ की।
उन्होंने बताया कि मार्च महीने का वेतन अभी तक किसी कर्मचारी को नहीं मिला है। आमतौर पर सैलरी हर महीने की 7 तारीख तक जारी कर दी जाती है, लेकिन इस बार कंपनी बदलने के कारण भुगतान में 2 से 3 दिन की देरी हो सकती है और 10 तारीख तक वेतन मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है। मौके पर लगातार बातचीत जारी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











































