रायबरेली: भदोखर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सर्राफा दुकान से आभूषण चोरी करने वाली महिला को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला ने ग्राहक बनकर मुंशीगंज स्थित नयन ज्वेलर्स में प्रवेश किया और खरीदारी का बहाना बनाकर दुकानदार को बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान उसने करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गई।
दुकानदार की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस
घटना के बाद दुकान संचालक की तहरीर पर भदोखर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद के निर्देशन में मुंशीगंज चौकी प्रभारी अनुज तोमर की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी।
कुचरिया अंडरपास के पास घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी महिला चोरी के जेवर खपाने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुचरिया अंडरपास के पास घेराबंदी की और महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए।
बरामद हुए सोने-चांदी के सभी जेवर
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के पास से एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक गले का लॉकेट, एक नाक की नथ तथा छह जोड़ी बिछिया बरामद की गई हैं। बरामद किए गए सभी आभूषण वही हैं, जो नयन ज्वेलर्स से चोरी हुए थे। इस तरह पुलिस ने शत-प्रतिशत माल बरामद कर मामले का सफल खुलासा किया।
चित्रकूट की रहने वाली निकली आरोपी, भेजी गई जेल
गिरफ्तार महिला की पहचान रीना साहू पत्नी रामनरेश साहू निवासी थाना मऊ, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई है। भदोखर इंस्पेक्टर राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की है।
















































