‘पानी में डुबकियां और सूंड़ से उड़ाई धूल…’, कटघोरा वनमंडल में 13 हाथियों की मस्ती, वीडियो वायरल

छत्तीसगढ़: कोरबा के कटघोरा वनमंडल के ऐतमा नगर परिक्षेत्र स्थित सलिहाभाठा जलाशय में शुक्रवार को वन्यजीव प्रेमियों के लिए बेहद मनमोहक दृश्य देखने को मिला। यहां 13 हाथियों का एक दल पानी में उतरकर लंबे समय तक जलक्रीड़ा करता नजर आया। हाथियों की अठखेलियों और स्वाभाविक व्यवहार का यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कटघोरा वनमंडल में लगातार सक्रिय है हाथियों का बड़ा दल

वन विभाग के अनुसार, पिछले काफी समय से करीब 50 हाथियों का बड़ा झुंड कटघोरा वनमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। इसी दल का एक हिस्सा सलिहाभाठा जलाशय तक पहुंचा, जहां भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए हाथियों ने पानी में जमकर स्नान किया। इस दौरान छोटे शावक भी बड़े हाथियों के साथ मस्ती करते दिखाई दिए।

धूल उड़ाकर खुद को देते रहे प्राकृतिक सुरक्षा कवच

जलक्रीड़ा के बाद कुछ विशालकाय हाथी जलाशय के किनारे खड़े होकर अपनी सूंड़ से सूखी मिट्टी और धूल उठाकर शरीर पर डालते नजर आए। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि यह हाथियों का स्वाभाविक व्यवहार है। धूल या मिट्टी की परत उनकी त्वचा को तेज धूप, गर्मी और कीट-पतंगों से बचाने का काम करती है। इसे ‘डस्ट बाथ’ या ‘मड बाथ’ कहा जाता है।

वीडियो ने सोशल मीडिया पर बटोरी सुर्खियां

हाथियों के इस प्राकृतिक और दुर्लभ व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान आकर्षित कर रहा है। खासकर पानी में खेलते शावकों और मिट्टी से खुद को ढंकते हाथियों की तस्वीरें लोगों को बेहद पसंद आ रही हैं। वन्यजीव प्रेमी इसे प्रकृति के बेहद खूबसूरत दृश्यों में से एक बता रहे हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों को जारी की सतर्कता की सलाह

जलाशय के आसपास बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के झुंड के करीब न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों की गतिविधियों पर वन अमला लगातार नजर रखे हुए है, ताकि वन्यजीवों और स्थानीय लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)