सहारनपुर : बिजनौर जनपद की नूरपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक राम अवतार सिंह सैनी रविवार को सहारनपुर पहुंचे. उन्होंने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि उनका दौरा पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के लोगों से संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से था. उन्होंने बताया कि सरसावा रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम नवादा चौहान में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
विधायक राम अवतार सिंह सैनी ने कहा कि बिजनौर, सहारनपुर और अमरोहा सहित कई जनपदों में सैनी समाज की अच्छी-खासी आबादी है. उन्होंने दावा किया कि अकेले सहारनपुर में ही सैनी समाज के करीब दो लाख मतदाता हैं. उन्होंने कहा कि वह समाज के लोगों को यह संदेश देने आए हैं कि अब तक जिस राजनीतिक रास्ते पर वे चलते रहे हैं, उसमें बदलाव की आवश्यकता है.
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने समाज के साथ धोखा किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के नेतृत्व को कमजोर करने के साथ-साथ शिक्षा और रोजगार से भी लोगों को वंचित रखने का काम किया है. उन्होंने कहा कि पीडीए समाज अब इन मुद्दों को समझ रहा है और बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं.
सपा विधायक ने दावा किया कि प्रदेश में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. प्रेस वार्ता में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पीडीए समाज को एकजुट करने का आह्वान भी किया.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































