अमेठी: भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को अमेठी तहसील में उपजिलाधिकारी पंकज मिश्र को ज्ञापन सौंपा. इसमें बरेली के नवाबगंज ब्लॉक कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों पर दिव्यांग प्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार, धमकी और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जांच व कार्रवाई की मांग की गई है.
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि 29 जून को दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मानसिक उत्पीड़न किया गया. आरोप है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और दिव्यांग प्रमाण पत्र रद्द कराने की धमकी दी गई. ज्ञापन में कहा गया है कि 29 जून 2026 को संगठन के जिला अध्यक्ष अमित कुमार (बरेली) नवाबगंज ब्लॉक कार्यालय में खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे थे.
आरोप है कि खंड विकास अधिकारी और कार्यालय के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की की. इसके अतिरिक्त, मोबाइल फोन छीनने, दिव्यांग प्रमाण पत्र रद्द करने की धमकी देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के भी आरोप लगाए गए हैं. संगठन ने इस घटना को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 का उल्लंघन बताया है. उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा, दिव्यांगजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों में जाते हैं. यदि उनके साथ ही अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न किया जाएगा, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने आगे कहा, नवाबगंज ब्लॉक कार्यालय में हमारे जिला अध्यक्ष अमित कुमार के साथ किया गया व्यवहार अमानवीय है और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 की भावना के विपरीत है. हमने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो.













































