बरेली : थाना कैंट क्षेत्र के एक गांव में महिला ने गांव के ही एक युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता के अनुसार, घटना 14 जून 2026 की शाम करीब चार बजे की है. उस समय वह घर पर अकेली थी. उसके बच्चे किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि उसका पति मजदूरी करने गया था. आरोप है कि इसी दौरान गांव का एक युवक जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया. महिला के शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया.
महिला का आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार उसके साथ छेड़छाड़ कर चुका है. जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी. डर और सामाजिक बदनामी के कारण वह तत्काल पुलिस के पास नहीं जा सकी. घटना के बाद महिला ने अपने पति को पूरी जानकारी दी. कुछ दिनों बाद दोनों थाना कैंट पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































