वाराणसी में प्रस्तावित मतदान केंद्रों के स्थानांतरण को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिला निर्वाचन प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। सोमवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम (प्रशासन) पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।
‘मतदान केंद्र बदलना केवल प्रशासनिक फैसला नहीं’
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदान केंद्रों का निर्धारण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार का बदलाव पूरी पारदर्शिता और पर्याप्त कारणों के आधार पर होना चाहिए। उनका कहना है कि लंबे समय से संचालित मतदान केंद्रों को बिना स्पष्ट वजह बदले जाने से मतदाताओं को असुविधा होगी और इसका असर मतदान प्रतिशत पर भी पड़ सकता है।
Also Read: UP: अवैध निर्माणों को लेकर कांग्रेस का एमवीडीए पर निशाना, उच्चस्तरीय जांच की मांग
पुराने केंद्र बरकरार रखने और सुझाव लेने की मांग
कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि सभी मौजूदा मतदान केंद्रों को यथावत रखा जाए। यदि किसी केंद्र का स्थानांतरण अपरिहार्य हो तो उसके पीछे का कारण सार्वजनिक किया जाए। साथ ही अंतिम निर्णय लेने से पहले स्थानीय नागरिकों और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए जाएं, ताकि प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सहभागी बन सके।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों की परेशानी का जताया अंदेशा
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और प्रत्येक मतदाता को बिना किसी कठिनाई के मतदान करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के अचानक बदलने से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मतदाताओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की सुगमता प्रभावित होगी।
‘जनहित को प्राथमिकता दे निर्वाचन प्रशासन’
कांग्रेस ने कहा कि पार्टी निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की समर्थक है। जिला निर्वाचन प्रशासन को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप केवल मतदाताओं की सुविधा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लेना चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मतदाताओं की सुविधा की अनदेखी करते हुए मतदान केंद्रों का स्थानांतरण किया गया तो कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर इसका विरोध करेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































