सैफई: अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैफई पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चाकू बरामद कर उसके खिलाफ धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
उप निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ पीजीआई चौकी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बीएसएनएल चौराहे के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओल्ड कैंपस तिराहे के पास एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा है और उसके पास अवैध चाकू है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक तलाशी लेने पर युवक के लोअर की जेब से चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम रामप्रकाश (28) पुत्र ब्रह्मानंद निवासी शांति कॉलोनी, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा बताया। पुलिस ने उससे चाकू रखने के संबंध में लाइसेंस या अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने बरामद चाकू को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार लेकर घूमने वालों में हड़कंप मचा है।

















































