सीतापुर: जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को विकासखंड सिधौली की ग्राम पंचायत टड़ई कलां स्थित पंचायत भवन में संचालित वीएचएसएनडी (Village Health, Sanitation and Nutrition Day) सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और पंचायत भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अभिलेखों में मिली कमियों पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
वीएचएसएनडी सत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम से स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आईस बॉक्स, वैक्सीनेशन किट और ब्लड प्रेशर मशीन का अवलोकन किया। सत्र में मौजूद गर्भवती महिलाओं से बातचीत करते हुए उनके स्वास्थ्य एवं टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिला की वैक्सीनेशन संबंधी बुक भी देखी।
इसके बाद उन्होंने ड्यू लिस्ट, एचआरपी रजिस्टर, एचआरपी ट्रैकिंग रजिस्टर सहित अन्य विभागीय अभिलेखों का निरीक्षण किया। अभिलेखों में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एएनएम को नोटिस जारी करने तथा 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्री के विभागीय अभिलेखों में भी कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आय एवं जाति प्रमाण पत्र तथा पुस्तकालय से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। अभिलेखों में त्रुटियां पाए जाने और पंचायत भवन में कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध न होने पर उन्होंने पंचायत सहायक के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पंचायत भवन में आवश्यक सामग्री पूरी न होने और बैठकों से संबंधित दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर सचिव के खिलाफ भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































