UP: उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे और विंध्य स्पर लिंक एक्सप्रेसवे को धरातल पर उतारने की तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों परियोजनाओं के तहत कुल 464 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। करीब 26,315 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश का अब तक का सबसे महंगा एक्सप्रेसवे साबित हो सकता है। अनुमान के मुताबिक, विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण में प्रति किलोमीटर करीब 79 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
4,900 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए सरकार ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परियोजना के लिए लगभग 4,900 हेक्टेयर भूमि की जरूरत होगी, जिसके चलते आसपास के करीब 464 गांव प्रभावित होंगे। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने परियोजना के लिए जमीन का चिन्हांकन भी पूरा कर लिया है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में यह सबसे महंगी परियोजनाओं में शामिल होने जा रही है।
योगी कैबिनेट ने दी परियोजना को मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विंध्य एक्सप्रेसवे को मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद सोनभद्र सीधे प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा। वहीं, विंध्य स्पर लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण में प्रति किलोमीटर करीब 77 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
लागत के मामले में सबसे आगे होगा विंध्य एक्सप्रेसवे
निर्माण लागत के लिहाज से विंध्य एक्सप्रेसवे प्रदेश की सबसे महंगी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना होगी। इससे पहले दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर करीब 43-44 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 66-67 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 50-52 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर खर्च हुए थे।
पुल, सुरंग और कठिन भौगोलिक स्थिति बढ़ाएगी लागत
विंध्य क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियां, बड़े पुलों और सुरंगों का निर्माण तथा ज्यादा भूमि अधिग्रहण इस परियोजना की लागत बढ़ाने वाली प्रमुख वजहें हैं। एक्सप्रेसवे के बनने के बाद सोनभद्र को पूर्वांचल समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख एक्सप्रेसवे से सीधा कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे क्षेत्र में उद्योग, व्यापार और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































